राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (REIL), जयपुर द्वारा इंजीनियरिंग,
प्रबंधन तथा चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्रों में औद्योगिक प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य
से पात्र विद्यार्थियों से इंटर्नशिप हेतु आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं।
1. इंटर्नशिप की मुख्य विशेषताएँ :
- इंटर्नशिप की अवधि: 04 से 06 माह
- मासिक स्टाइपेंड: ₹10,000/-
- इंटर्नशिप कंपनी के भीतर परियोजना-आधारित (Project-based) कार्य-आवंटन के रूप में होगी।
- इंटर्नशिप कंपनी के निर्धारित कार्यालय समय के अनुसार संचालित होगी।
- REIL परिसर में न्यूनतम 75% उपस्थिति अनिवार्य होगी। इंटर्न को कंपनी के कार्यालय समय के
दौरान उपस्थित रहना होगा। उन्हें कंपनी की नीति के अनुसार साप्ताहिक अवकाश एवं सार्वजनिक अवकाश प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रति माह 01 आकस्मिक अवकाश (Casual Leave - CL) अनुमन्य होगा।
किसी अन्य प्रकार का अवकाश देय नहीं होगा। यदि कोई इंटर्न/प्रशिक्षु निर्धारित सीमा से अधिक अवकाश लेता/लेती है,
तो उसके मासिक स्टाइपेंड से आनुपातिक कटौती की जाएगी।
- इंटर्नशिप का सफलतापूर्वक समापन करने पर इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
- इंटर्न/प्रशिक्षु द्वारा इंटर्नशिप अवधि के दौरान किए गए कार्य से उत्पन्न सभी
बौद्धिक संपदा अधिकार (Intellectual Property Rights - IPR) पूर्णतः कंपनी के पास सुरक्षित रहेंगे।
2. चयन प्रक्रिया :
पात्र इंटर्नों (जिनकी पात्रता नीचे उल्लिखित है) का चयन शैक्षणिक प्रोफ़ाइल/शैक्षणिक उपलब्धियों, बायोडाटा,
रुचि के क्षेत्र, कंपनी की आवश्यकताओं के अनुरूपता तथा आवश्यकता होने पर लिखित परीक्षा एवं/अथवा
व्यक्तिगत संवाद (ऑनलाइन/ऑफलाइन) के आधार पर किया जाएगा।
3. आवश्यक दस्तावेज़ :
इच्छुक विद्यार्थियों को निम्नलिखित दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होंगेः
- विधिवत भरा हुआ आवेदन-पत्र (प्रारूप नीचे उपलब्ध है)
- बायोडाटा (Resume/CV)
- शैक्षणिक अभिलेखों/अंकतालिकाओं की स्वप्रमाणित प्रतियां
- संबंधित शिक्षण संस्थान द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (No Objection Certificate - NOC)
4. आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया :
पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन, आवेदन अवधि के दौरान, सीलबंद लिफाफे में, जिस पर "इंटर्नशिप हेतु आवेदन" अंकित हो,
निम्नलिखित पते पर प्राप्त होना चाहिएः
अतिरिक्त महाप्रबंधक (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध विभाग)
राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड
2, कनकपुरा औद्योगिक क्षेत्र,
सिरसी रोड, जयपुर – 302034 (राजस्थान)
5. सामान्य निर्देश :
- अभ्यर्थी केवल उसी अवधि में आवेदन कर सकते हैं, जब आवेदन आमंत्रित किए जाएँ (सामान्यतः वर्ष में दो बार लगभग एक माह की आवेदन अवधि के लिए)।
- अपूर्ण आवेदन अथवा निर्धारित आवेदन अवधि से पूर्व या पश्चात प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
- केवल आवेदन प्रस्तुत करने मात्र से इंटर्न के रूप में चयन/नियोजन का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा।
- कंपनी बिना कोई कारण बताए किसी भी आवेदन को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने तथा इंटर्नशिप प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर संशोधन अथवा निरस्तीकरण करने का अधिकार सुरक्षित रखती है।
- इंटर्नशिप से संबंधित सभी मामलों में सक्षम प्राधिकारी का निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होगा।
6. विशिष्ट विवरण एवं आवेदन-पत्र :
पात्रता मानदंड सहित विस्तृत विवरण तथा आवेदन-पत्र आवेदन अवधि (जो सामान्यतः 01 माह की होगी) प्रारंभ होने से एक सप्ताह पूर्व निम्नलिखित लिंक पर उपलब्ध करा दिए जाएंगेः
विशिष्ट विवरण का लिंक
आवेदन-पत्र का लिंक
नोट:- आवेदन की अवधि 17.08.2026 से 16.09.2026 तक है।
7. उपरोक्त के होते हुए भी, REIL अपने हितों के अनुरूप सर्वाधिक उपयुक्त अभ्यर्थी/अभ्यर्थियों के चयन का अधिकार सुरक्षित रखता है।